महापौर ने की स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा
बारिश के मौसम में जलभराव रोकने, साफ-सफाई मजबूत करने एवं रात्रिकालीन मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

सिंगरौली, 2 जुलाई 2026/ नगर पालिक निगम सिंगरौली की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने निगम कार्यालय में स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक लेकर वर्षा ऋतु के दौरान शहर की साफ-सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। महापौर ने निर्देशित किया कि शहर की सभी मुख्य नालियों, उपनालियों एवं कॉलोनियों की नालियों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा निकाली गई गाद एवं कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मच्छरों एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए।
बैठक में जलभराव संभावित क्षेत्रों की विशेष समीक्षा करते हुए प्रत्येक वार्ड में 5-5 कर्मचारियों की रात्रिकालीन टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए गए। सभी टीमों के पास टॉर्च, छाता एवं रेनकोट उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।वाहन प्रभारी को निर्देशित किया गया कि जलभराव अथवा अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए जेसीबी मशीन 24×7 उपलब्ध रखी जाए।सीटाडेल को निर्देशित किया गया कि सुबह एवं शाम निर्धारित समय पर घर-घर से नियमित रूप से कचरे का संग्रहण एवं उठाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी कचरा संग्रहण वाहनों में जनजागरूकता हेतु जिंगल का प्रसारण अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि नागरिकों को कचरा वाहन के आगमन की समय पर जानकारी मिल सके।
इसके अतिरिक्त आईसीसी टीम को लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर स्वच्छता व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्षा ऋतु के दौरान 24×7 मोबाइल फोन रिसीव करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी शिकायत अथवा आपात स्थिति पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।बैठक में मेयर इन काउंसिल सदस्य खुर्शीद आलम,अंजना शाह एवं शिवकुमारी कुशवाहा सहित स्वास्थ्य अधिकारी बी जी चतुर्वेदी,इंडिपेंडेंट इंजीनियर चौधरी सत्यप्रकाश,सीटाडेल प्रबंधक रावेंद्र सिंह,आईसीसी से नितेश सिंह उपस्थित रहे।













