स्वच्छता पखवाड़ा का समापन, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का लिया संकल्प
दूधीचुआ क्षेत्र में आयोजित समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के दूधीचुआ क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा का समापन 1 जुलाई को भव्य समारोह के साथ हुआ। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दूधीचुआ क्षेत्र के अपर महाप्रबंधक (एजीएम) विनोद कुमार सिंह उपस्थित रहे।
समारोह में विभिन्न विभागाध्यक्षों, जेसीसी सदस्यों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा डीएवी पब्लिक स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर, दूधीचुआ के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का समापन अभियान का अंत नहीं, बल्कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की नई शुरुआत है। उन्होंने सभी से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने उपयोगी सुझाव दिए। साथ ही पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर देते हुए सभी ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।













