ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

झोपड़ी में लगी आग, दिव्यांग युवक की जिंदा जलकर मौत

आग तापते समय हुआ हादसा, समय रहते बाहर नहीं निकल सका; पुलिस ने शुरू की जांच

सिंगरौली। जिले के चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेही में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। घास-फूस से बनी झोपड़ी में आग लगने से एक दिव्यांग युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। युवक चलने-फिरने में असमर्थ था, जिसके कारण वह आग की चपेट से बाहर नहीं निकल सका।
मृतक की पहचान जगनारायण कोल (पिता सूरज कोल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जगनारायण दिव्यांग था और अपने मुख्य मकान से कुछ दूरी पर बनी घास-फूस की झोपड़ी में रहता था।

आग तापते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात जगनारायण झोपड़ी के पास आग ताप रहा था। कुछ देर तक उसके पिता सूरज कोल भी वहां मौजूद थे, लेकिन बाद में वह घर चले गए। इसी दौरान अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और दिव्यांग होने के कारण जगनारायण बाहर नहीं निकल सका।
जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तब तक झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी और जगनारायण की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों के पहुंचने से पहले ही झोपड़ी पूरी तरह खाक हो गई थी।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। एसडीओपी राहुल सेयाम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग तापने के दौरान आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button