मध्य प्रदेशसिंगरौली

करंट की चपेट में आने से घायल काले मुंह वाले बंदर का वन विभाग ने किया रेस्क्यू

उपचार के बाद स्वस्थ होने पर जंगल में छोड़ा गया

सिंगरौली। वन परिक्षेत्र बैढ़न अंतर्गत गनियारी मुक्तिधाम के पास 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से घायल काले मुंह वाले बंदर का वन विभाग के अमले ने सफल रेस्क्यू किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल बंदर को सुरक्षित निकालकर गौसेवा संस्थान सिंगरौली में उपचार के लिए भर्ती कराया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बंदर को करंट लगने से गंभीर चोटें आई थीं। चिकित्सकीय उपचार और 24 घंटे की निगरानी के बाद बंदर की स्थिति में सुधार हुआ। स्वास्थ्य लाभ मिलने के पश्चात उसे वन परिक्षेत्र बैढ़न के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

पूरी कार्रवाई वन मंडल अधिकारी अखिल बंसल तथा उप वनमंडलाधिकारी नरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस रेस्क्यू अभियान में वन परिक्षेत्राधिकारी राजकुमार यादव, परिक्षेत्र सहायक सुरेश सिंह मरकाम, वन रक्षक भाग्योदय सिंह, विपिन पाण्डेय, महेंद्र तिवारी तथा स्थायी कर्मचारी इंद्रजीत सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी वन्यजीव के घायल या संकट में होने की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को जानकारी दें, जिससे समय रहते उसकी सहायता की जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button