ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

एमपी को मिले नए मुख्य सचिव, अशोक बर्णवाल संभालेंगे जिम्मेदारी

मंत्रालय ने जारी किए आदेश, अनुराग जैन होंगे नीति आयोग के नए सीईओ

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को प्रदेश का कार्यवाहक (स्थानापन्न) मुख्य सचिव नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वे आगामी आदेश तक मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे। इस नियुक्ति के साथ ही वे वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन का स्थान लेंगे, जिन्हें केंद्र सरकार ने नीति आयोग का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है।

1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं बर्णवाल

अशोक बर्णवाल वर्ष 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। उन्होंने बीटेक (माइनिंग इंजीनियरिंग) के साथ पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वे लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। इसके अलावा उनके पास भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास का अतिरिक्त प्रभार तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त की जिम्मेदारी भी है।

प्रशासन और स्वास्थ्य क्षेत्र का लंबा अनुभव

अशोक बर्णवाल को प्रशासन, स्वास्थ्य प्रबंधन और नीति निर्माण के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। वरिष्ठता और प्रशासनिक दक्षता के आधार पर उन्हें प्रदेश की नौकरशाही के अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है। उनका सेवानिवृत्ति कार्यकाल 31 जनवरी 2027 तक है।

नीति आयोग के सीईओ बने अनुराग जैन

वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने नीति आयोग का नया सीईओ नियुक्त किया है। वे 3 अक्टूबर 2024 से मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित था और उन्हें पहले ही एक वर्ष का सेवा विस्तार मिल चुका था। हाल के दिनों में उनके दूसरे सेवा विस्तार की चर्चा चल रही थी, लेकिन नीति आयोग में नई जिम्मेदारी मिलने के साथ ही इन अटकलों पर विराम लग गया।

मंत्रालय से आदेश जारी होने के बाद अब अशोक बर्णवाल प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था की कमान संभालेंगे, जबकि अनुराग जैन राष्ट्रीय स्तर पर नीति आयोग में नई भूमिका निभाएंगे।

Author

Related Articles

Back to top button