एनटीपीसी विंध्याचल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, सत्यनिष्ठा की दिलाई शपथ

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 27 अक्टूबर को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई। इसका उद्देश्य कार्यस्थल पर पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ महाप्रबंधक निर्मल कुमार सिंह, सी.बी. ओझा, एच.पी. देवांगन, डॉ. बी.के. भराली और मानव संसाधन प्रमुख अनिरुद्ध सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा कार्यपालक प्रशिक्षु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपर महाप्रबंधक (सतर्कता) टी.आर. राधिश ने स्वागत उद्बोधन में सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी और सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मुख्य अतिथि एम. सुरेश ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल नियमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के व्यवहार, निर्णय और कार्यशैली में दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से उच्च नैतिक मानकों का पालन करने और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एम. सुरेश ने अंग्रेजी में तथा निर्मल कुमार सिंह ने हिंदी में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन कामना शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन फुलजेंस केरकेट्टा ने प्रस्तुत किया।













