जनभागीदारी से ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं प्रस्फुटन समितियां
प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न

सिंगरौली, 27 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला सिंगरौली के निर्देशन में विकासखंड देवसर के नवांकुर सेक्टर निवास अंतर्गत पांच ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं नवांकुर सखियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण मंगलवार को पंचायत भवन महुआगांव में आयोजित किया गया।
राजा भैया बहुउद्देशीय विकास समिति निगरी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में ग्राम विकास एवं सामाजिक गतिविधियों में समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रस्फुटन समितियों की अवधारणा, नवांकुर योजना, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक सुधार और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही समितियों के अभिलेखों के संधारण एवं दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया समझाई गई।जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक श्री रजनीश मिश्रा ने ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने, शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता बताई। प्रशिक्षण में महुआगांव सरपंच श्री बृजलाल प्रजापति, नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक श्री शिवप्रसाद साहू, मास्टर ट्रेनर श्रीमती रुही सिंह चौहान सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।













