छात्र आंदोलन पर सवाल, राघव जुयाल का जवाब वायरल
बोले- सवाल उनसे पूछें जिनसे जवाबदेही तय होनी चाहिए

मुंबई। अभिनेता और डांसर राघव जुयाल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म भाई तेरा स्टार है के प्रमोशन के साथ-साथ एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। जयपुर में फिल्म प्रचार कार्यक्रम के दौरान छात्र आंदोलन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से जुड़े सवाल पर दिए गए उनके जवाब की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान एक पत्रकार ने राघव से छात्र आंदोलन और प्रदर्शन को लेकर उनकी चुप्पी पर सवाल किया। इस पर राघव ने कहा कि जिस साहस के साथ पत्रकार उनसे सवाल पूछ रहे हैं, उसी साहस के साथ उन लोगों से भी सवाल पूछे जाने चाहिए, जिनसे वास्तव में जवाब मांगे जाने चाहिए।
राघव ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी राय साझा की है। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय पर जवाबदेही तय करने के लिए सवाल जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से भी किए जाने चाहिए।
बाद में राघव ने इस बातचीत का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, “I said what I said”, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके जवाब की सराहना की और उन्हें उनके पुराने डांसिंग नाम “ओजी कॉकरोच” से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी।
राघव जुयाल इससे पहले भी सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखते रहे हैं। वहीं, उनकी फिल्म भाई तेरा स्टार है 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में उनके साथ कई अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।













