6 किलो 545 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, माड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
98 हजार रुपये से अधिक कीमत का गांजा बरामद, तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त; एक आरोपी फरार

सिंगरौली। जिले में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत माड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 किलो 545 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 98 हजार 175 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा एफजेड-15 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई। माड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर सितूलखुर्द की ओर जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हर्रहवा स्टॉप के आगे घुघुर नदी पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों में से एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम अभिषेक प्रसाद शाह (20 वर्ष), निवासी सितूलखुर्द, थाना माड़ा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे बैग से प्लास्टिक की बोरी में पैक 6 किलो 545 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है।
मामले में माड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा के साथ उपनिरीक्षक अवधेश पटेल, प्रधान आरक्षक रामसुख यादव, गणेश रावत, संजीत कुमार, के.डी. कुशवाहा, बालचंद विश्वकर्मा, आरक्षक आबिद कुरैशी एवं आकाश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













