ओडिशा में बारिश का कहर: 3 जिलों के स्कूल बंद, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात; IMD का रेड अलर्ट

भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जाजपुर, भद्रक और क्योंझर जिलों में बुधवार को सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ और खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया है।
उत्तर ओडिशा में लगातार बारिश के कारण जलका, सालंदी और बैतरणी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बैतरणी नदी के खतरे के निशान से ऊपर बहने की आशंका के बीच धामनगर, दसरथपुर और चांदबली ब्लॉकों के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
बालासोर जिले में पिछले 24 घंटे में 246.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। नुआसाही, गुड़ीपाड़ा, चिड़िया पोल और अजीमाबाद सहित कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया और सड़कें डूब गईं। अग्निशमन विभाग की टीमों ने कई स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
मयूरभंज जिले में भी बुढ़ाबालंगा, सुबर्णरेखा और अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि पिछले आठ दिनों में ओडिशा में सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाकर भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुंदरगढ़, संबलपुर, बरगढ़ और झारसुगुड़ा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों तक कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।













