बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

राजीव कॉम्प्लेक्स बस स्टैण्ड में दुकान के छज्जे का मलबा गिरा, बड़ा हादसा टला

टैक्सी यूनियन अध्यक्ष महेश गुप्ता ने नगर निगम आयुक्त का कराया ध्यान आकर्षित व्यापारियों ने जर्जर भवनों के सर्वे की उठाई मांग

सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित राजीव कॉम्प्लेक्स बस स्टैंड परिसर में बुधवार को एक दुकान के छज्जे (बरजा) का मलबा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के सामने मौजूद लोगो के ऊपर नहीं गिरा बगल में गिरा अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मलबा गिरने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है!

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि बस स्टैंड परिसर सहित शहर के कई व्यावसायिक भवन पुराने और जर्जर हो चुके हैं, जिनके छज्जे व अन्य हिस्से कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते ऐसे भवनों की जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए टैक्सी यूनियन अध्यक्ष महेश गुप्ता ने नगर निगम आयुक्त का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के जर्जर भवनों का तत्काल तकनीकी सर्वे कराने, खतरनाक छज्जों को हटाने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाली ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नगर निगम को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

व्यापारियों ने नगर निगम की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे नियमित रूप से संपत्ति कर (भू-भाटक) सहित अन्य करों का भुगतान करते हैं, इसलिए सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि निगम विशेष टीम गठित कर बस स्टैंड परिसर सहित शहर के सभी भीड़भाड़ वाले बाजारों में जर्जर भवनों, छज्जों और बरजों का सर्वे कराए तथा जहां खतरा हो वहां तत्काल मरम्मत, बैरिकेडिंग या अन्य आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार करने के बजाय इस घटना को चेतावनी मानते हुए तत्काल कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button