पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन शनिवार एवं रविवार को

सिंगरौली/ नगर निगम सिंगरौली द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के लिए शनिवार एवं रविवार को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।शनिवार को शिविर मोरवा के वार्ड क्रमांक 3 स्थित जगमोरवा सामुदायिक भवन में आयोजित होगा, जबकि रविवार को वार्ड क्रमांक 8 स्थित सर्किट हाउस में शिविर लगाया जाएगा। एनयूएलएम नोडल अधिकारी अक्षत उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के मार्गदर्शन में इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र रेहड़ी-पटरी व्यवसायी एवं हितग्राही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में कार्यरत रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना के प्रथम चरण में ₹15,000, द्वितीय चरण में ₹25,000 तथा तृतीय चरण में ₹50,000 तक का ऋण प्रदान किया जाता है। समय पर ऋण की अदायगी करने वाले हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी एवं डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि का लाभ भी मिलता है। इसके अलावा समय पर ऋण चुकाने वाले पात्र हितग्राही पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत क्रेडिट कार्ड के लिए भी आवेदन कर सकते हैं, जिससे उन्हें भविष्य में व्यवसाय संचालन के लिए अतिरिक्त वित्तीय सुविधाएं प्राप्त हो सकें। नगर निगम सिंगरौली ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर आवेदन करें तथा केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।













