बलूचिस्तान की कोयला खदान में भीषण विस्फोट, 32 मजदूरों की मौत; कई अब भी लापता

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार को एक कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट के बाद बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट के चलते खदान का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिसमें कम से कम 32 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
हादसा बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के निकट सुरांज क्षेत्र की एक कोयला खदान में हुआ। बलूचिस्तान के खान एवं खनिज विकास मंत्री शोएब नोशेरवानी ने बताया कि विस्फोट के समय कई मजदूर खदान के अंदर काम कर रहे थे। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक परिवार को पांच लाख पाकिस्तानी रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच और खदानों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
चीफ इंस्पेक्टर ऑफ माइंस मोहम्मद आतिफ ने बताया कि बचाव अभियान करीब 4,000 फीट (1,219 मीटर) की गहराई में चलाया जा रहा है। पाकिस्तान सेंट्रल माइंस लेबर फेडरेशन ने आशंका जताई है कि विस्फोट गैस रिसाव के कारण हुआ हो सकता है। संगठन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, खदानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन और लापरवाही बरतने वाली कंपनियों पर कठोर कदम उठाने की मांग की है।
जमीन के भीतर जहरीली गैसों और कठिन परिस्थितियों के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, फिर भी बचाव दल लापता मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हुए हैं।













