बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

पुष्पक एक्सप्रेस के शौचालय में फंदे से लटका मिला यात्री का शव, भोपाल-बीना के बीच हुई घटना

 

बीना। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल-बीना रेलखंड पर गुरुवार देर रात पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच के शौचालय में एक यात्री का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रोका गया, जहां जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 12534 पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन का अगला ठहराव ललितपुर था। इसी दौरान देर रात करीब 12 बजे गार्ड ने जनरल कोच के शौचालय की खिड़की पर एक यात्री को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोका गया। मौके पर पहुंची जीआरपी टीम ने शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान गोरावर सिंह (30), पिता कुंजीलाल, निवासी कलीन चौक पदनिया, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई।

प्रारंभिक जानकारी में यात्रियों ने बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button