सीधी में पानी से भरे ड्रम में मिली नवजात बच्ची की लाश, हत्या की आशंका से जांच में जुटी पुलिस

सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में चार दिन की नवजात बच्ची का शव पानी से भरे नीले ड्रम में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भेलकी-820 निवासी पंकज पटेल की पत्नी सोनू पटेल ने 26 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। परिवार ने नवजात का नाम प्रिशा रखा था। अस्पताल से 28 जुलाई को मां और बच्ची को स्वस्थ हालत में छुट्टी दे दी गई थी।
बताया जा रहा है कि इसके बाद घर के सामने रखे पानी से भरे नीले ड्रम में नवजात का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार परिवार में पहले से एक बेटी है, जबकि संयुक्त परिवार में यह चौथी बेटी का जन्म था। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी संभावनाओं की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
चुरहट थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी ने बताया कि नवजात की संदिग्ध मौत के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।













