देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ओपीएस बहाली की मांग तेज, दिल्ली में होगा कर्मचारियों का महासम्मेलन; 8वें वेतन आयोग के सामने रखेंगे मुद्दे

 

नई दिल्ली। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली को लेकर कर्मचारियों और पेंशनर्स का आंदोलन एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। ओपीएस की मांग को लेकर देशभर के कर्मचारी संगठन दिल्ली में बड़ा महासम्मेलन आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। इस सम्मेलन में 8वें वेतन आयोग के समक्ष कर्मचारियों की प्रमुख मांगों और पेंशन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

जानकारी के अनुसार 8वें वेतन आयोग की दूसरे दौर की बैठकें 7 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रही हैं। आयोग की पहली बैठक दिल्ली में होगी। आयोग से मिलने वाले संगठनों और हितधारकों को 31 जुलाई तक पंजीयन कराने के लिए कहा गया है।

इसी बीच ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉयीज फेडरेशन ने ओपीएस बहाली को लेकर 6 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय महासम्मेलन आयोजित करने का ऐलान किया है। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने बताया कि देशभर के कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि इस सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और 8वें वेतन आयोग से जुड़ी कर्मचारियों व पेंशनभोगियों की मांगों को प्रभावी तरीके से उठाना है।

फेडरेशन का कहना है कि 3 नवंबर 2025 को जारी सरकारी गजट में ओपीएस को लेकर कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है। संगठन ने संकेत दिए हैं कि यदि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाती है तो आगे बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जा सकती है।

गौरतलब है कि 8वें वेतन आयोग की पहली चरण की बैठक 10 जुलाई को कोलकाता में पूरी हो चुकी है। अब दूसरे चरण में दिल्ली और चेन्नई में महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं।

Author

Related Articles

Back to top button