बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

हुनर को मिला सम्मान, आत्मनिर्भरता की उड़ान को मिला प्रोत्साहन

जिला न्यायालय परिसर में सजी बालिकाओं की हस्तनिर्मित कलाकृतियों की प्रदर्शनी, न्यायाधीशों ने की सराहना और खरीदारी

सिंगरौली। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सिंगरौली द्वारा संचालित बालिका खुला आश्रय गृह की बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा को उस समय विशेष पहचान मिली, जब उनके हाथों से तैयार आकर्षक दीपकों और सजावटी सामग्रियों की प्रदर्शनी जिला न्यायालय परिसर में आयोजित की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के माध्यम से आयोजित इस प्रदर्शनी में न्यायाधीशों ने न केवल बालिकाओं की कलाकृतियों की मुक्तकंठ से सराहना की, बल्कि उनकी बनाई सामग्री खरीदकर उनका उत्साह भी बढ़ाया।

प्रदर्शनी का आयोजन अतिरिक्त जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव धर्मेंद्र सोनी के निर्देशन में किया गया। इसका शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अतुल कुमार खंडेलवाल सहित न्यायिक अधिकारियों एवं रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय प्रिवेंद्र कुमार सेन, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती कंचन गुप्ता, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश खालिद मोहतराम, अरुण कुमार खरादी, राकेश कुमार कुशवाहा, उमेश सोनी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिव चरण पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री धर्मेंद्र सोनी तथा रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एस.डी. सिंह उपस्थित रहे। सभी न्यायिक अधिकारियों ने बालिकाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी कर उनके हुनर को प्रोत्साहित किया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अतुल कुमार खंडेलवाल ने बालिकाओं की कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा तैयार हस्तनिर्मित सामग्री बेहद सुंदर और आकर्षक डिजाइन में बनाई गई है। उन्होंने बालिकाओं के प्रयासों को प्रशंसनीय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एस.डी. सिंह ने बताया कि बालिका खुला आश्रय गृह में समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी जरूरतमंद बालिकाओं को संरक्षण देने के साथ निःशुल्क पोषण, शिक्षा और कौशल विकास का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में प्रियंक भारद्वाज, जय कुमार जैन एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. ओ.पी. राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं आश्रय गृह की कोऑर्डिनेटर शिरीन, रश्मि सिंह, रोशनी तिवारी एवं कुमकुम कौर ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह प्रदर्शनी बालिकाओं की रचनात्मक क्षमता को मंच देने के साथ उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आई।

Author

Related Articles

Back to top button