गांवों की चौपाल से खेल मैदान तक पहुंचेगी प्रतिभा, ओडगड़ी में जुटेंगे 18 गांवों के खिलाड़ी

सिंगरौली। ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को पहचान और अवसर देने के उद्देश्य से हिंडालको महान के सीएसआर विभाग द्वारा ग्राम ओडगड़ी में अंतर-ग्राम खेल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें क्षेत्र के 18 गांवों की टीमें हिस्सा लेंगी। कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के जरिए ग्रामीण खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ हिंडालको महान के मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, सीएसआर एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह तथा ग्राम सरपंच शिव शंकर वैश्य (मुन्ना) ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें उचित मंच देने की जरूरत है।संजय सिंह ने कहा कि हिंडालको महान शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ खेल एवं युवा विकास को भी प्राथमिकता दे रहा है। आयोजन का उद्देश्य गांवों के युवाओं को साझा मंच देकर आपसी सद्भाव और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
सरपंच शिव शंकर वैश्य ने आयोजन के लिए प्रबंधन का आभार जताया और पंचायत की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम में सीएसआर विभाग के राजीव रंजन, शीतल, धीरेंद्र तिवारी, दीपक और अरविंद सहित गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













