बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय बढ़ाने के लिए आयोजित हुई एक दिवसीय कार्यशाला

पंचायतदर्पण पोर्टल के माध्यम से कर एवं फीस का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाली छह ग्राम पंचायतें सम्मानित

सिंगरौली, । ग्राम पंचायतों को वित्तीय रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से स्वयं की आय (OSR) बढ़ाने के उद्देश्य से अटल सामुदायिक भवन, बेलौंजी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संघप्रिय, IAS की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में 3 हजार से अधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं सहायक सचिव शामिल हुए। इस दौरान ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए भवन निर्माण अनुज्ञा एवं शुल्क, संपत्ति कर, प्रकाश कर, वृत्तिकर, निजी शौचालय कर, बाजार फीस, पशु पंजीयन फीस, जल प्रभार, स्वच्छता प्रभार सहित अन्य वैकल्पिक करों एवं फीस के अधिरोपण, निर्धारण और वसूली की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मध्यप्रदेश पंचायतदर्पण पोर्टल के माध्यम से कर एवं फीस के बिल जनरेट करने तथा भुगतान की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।

 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों द्वारा सभी प्रकार के करों एवं फीस का भुगतान पंचायतदर्पण पोर्टल के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि राशि का विवरण पोर्टल पर प्रदर्शित हो सके। उन्होंने ग्राम पंचायतों के लंबित विद्युत देयकों का समय पर भुगतान करने, अनुपयोगी विद्युत कनेक्शन विच्छेदित कराने, आधारभूत जानकारी का संधारण करने, ग्राम पंचायत एवं ग्राम जंक्शन में सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से स्थापित कराने तथा क्रय संबंधी कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करने के निर्देश दिए। उपस्थित सरपंचों एवं सचिवों को SIPRI अनुश्रवण मॉड्यूल की जानकारी देते हुए इसके माध्यम से निर्माण कार्यों की RFI दर्ज करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यशाला के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छह ग्राम पंचायतों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत सहुआर एवं ओडगड़ी, जनपद पंचायत चितरंगी की ग्राम पंचायत क्योंटली एवं सुकहर तथा जनपद पंचायत बैढ़न की ग्राम पंचायत खम्हरिया एवं सखौंहा के सरपंच, सचिव एवं उनकी टीम शामिल रही। कार्यशाला में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, महाप्रबंधक जल निगम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA), कार्यक्रम अधिकारी (PO), VB-GRAMG, जिला समन्वयक (DC), स्वच्छ भारत मिशन (SBM) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को स्वयं के आय स्रोत विकसित करने, स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा प्राप्त आय के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों एवं आधारभूत जनसुविधाओं के संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाना रहा।

Author

Related Articles

Back to top button