पचौर में 2 दिन से जारी सड़क जाम समाप्त, तहसीलदार के आश्वासन पर माने ग्रामीण
सड़क, पानी और रोजगार की मांग को लेकर बंधा कोल ब्लॉक व टीएचडीसी अमिलिया कोल माइन कंपनी के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली। जिले के पचौर ग्राम में सड़क, पानी और रोजगार की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा 2 दिनों से किया जा रहा सड़क जाम आखिरकार समाप्त हो गया। तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी के हस्तक्षेप और कंपनी प्रतिनिधि से बातचीत के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया। जाम समाप्त होने के साथ ही इलाके में कोयला वाहनों, तेल टैंकरों और एक्सप्लोसिव वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है।
ग्रामीणों ने बंधा कोल ब्लॉक और टीएचडीसी अमिलिया कोल माइन कंपनी के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर सड़क पर आवागमन रोक रखा था। जाम के कारण दोनों कंपनियों के कोयला परिवहन सहित अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। सूचना मिलने पर तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित ज्ञापन उन्हें सौंपा।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण, गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना शामिल था। तहसीलदार ने मौके पर कंपनी प्रतिनिधि विशेष नागर को बुलाकर ग्रामीणों की मांगों पर चर्चा कराई। कंपनी प्रतिनिधि ने ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त करते हुए उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।तहसीलदार के आश्वासन और कंपनी प्रतिनिधि के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने 2 दिन से जारी सड़क जाम समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय आश्वासन के अनुरूप उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे। फिलहाल पचौर में वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई है।













