दुधिचुआ परियोजना में HMS को बड़ी मजबूती, सैकड़ों श्रमिकों ने ग्रहण की सदस्यता
SISTA महामंत्री उपेंद्र मिस्त्री के नेतृत्व में श्रमिकों ने थामा HMS का दामन, हरिगोविंद अहिरवार सर्वसम्मति से बने परियोजना अध्यक्ष

सिंगरौली। एनसीएल की दुधिचुआ परियोजना में श्रमिक संगठन की गतिविधियों के बीच कोयला श्रमिक सभा (HMS) को बड़ी मजबूती मिली है। SISTA के महामंत्री उपेंद्र मिस्त्री के नेतृत्व में सैकड़ों कोयला श्रमिकों ने HMS की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया। इस दौरान हरिगोविंद अहिरवार को सर्वसम्मति से दुधिचुआ परियोजना का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में कोयला श्रमिक सभा के केंद्रीय अध्यक्ष बी.एन. सिंह, केंद्रीय महामंत्री अशोक कुमार पांडेय और SISTA महामंत्री उपेंद्र मिस्त्री प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रमिकों के संगठन में शामिल होने को दुधिचुआ परियोजना में HMS के संगठनात्मक विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर संयुक्त महामंत्री कमलेश्वर पटेल ने नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उपेंद्र मिस्त्री के नेतृत्व में श्रमिकों के जुड़ने से परियोजना क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रमिकों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर संगठन की आवाज अब और प्रभावी ढंग से उठाई जा सकेगी।
वहीं, संगठन के संरक्षक एवं शाखा सचिव सी.एस.पी. उपाध्याय तथा मोहित सिंह ने भी नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रमिकों का संगठन से जुड़ना उत्साहजनक है और इससे मजदूरों की समस्याओं को मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में खड़िया के सचिव अटल बिहारी, SISTA अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, सचिव मनिराज कोल, केंद्रीय मीडिया प्रभारी सुजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और सैकड़ों श्रमिक मौजूद रहे।
दुधिचुआ परियोजना में हुए इस संगठनात्मक बदलाव के बाद अब श्रमिकों के हितों, अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर HMS की आगामी गतिविधियों पर नजर रहेगी।













