नशे के अवैध कारोबार पर करें कठोर कार्रवाई, खाद वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री
त्योहारों में कानून-व्यवस्था पर रखें कड़ी निगरानी, पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर होगी कार्रवाई; गौशालाओं में मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा

सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश और खाद वितरण व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की संयुक्त समितियां गठित कर नशे के खिलाफ जागरूकता और निगरानी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक छात्रावास में नोडल अधिकारी नियुक्त कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के साथ उनके करियर संबंधी मार्गदर्शन की व्यवस्था भी की जाए।
उन्होंने सभी जिलों में एनकॉर्ड समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित करने और मेडिकल ड्रग्स, केमिकल ड्रग्स सहित अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं आपूर्ति करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा। नशीले पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल हो सकने वाले औद्योगिक रसायनों के भंडारण पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सतत निगरानी के साथ अवैध शराब बिक्री और ड्रग माफिया के खिलाफ अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था रहे चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली और गोवर्धन पूजा प्रदेशभर में उत्साह के साथ मनाई जाएगी। गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम गौशालाओं में आयोजित किए जाएं तथा गोपाल कृष्ण पुरस्कार प्राप्त गौपालकों को सम्मानित किया जाए। धनतेरस पर स्वामित्व योजना से लाभान्वित गांवों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे।
त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पटाखों और विस्फोटक पदार्थों की बिक्री एवं भंडारण स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जाए। बिक्री स्थलों पर सुरक्षा और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम अनिवार्य रूप से सुनिश्चित हों। अवैध भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने दीपावली के अवसर पर बैलगाड़ी दौड़ जैसे पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही।













