देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

केबीसी-18 की शूटिंग शुरू, अमिताभ बोले- अब असली परीक्षा की शुरुआत

 

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर लोकप्रिय क्विज़ रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के 18वें सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं। शो की तैयारियां पूरी होने के बाद इसकी शूटिंग शुरू हो गई है। इस अवसर पर अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए कहा कि अब “असली परीक्षा की शुरुआत” हो रही है।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मिले शुभकामना संदेशों के लिए प्रशंसकों का आभार जताते हुए बिग बी ने लिखा कि व्यस्तता के कारण सभी को व्यक्तिगत जवाब देना संभव नहीं हो पाया। उन्होंने केबीसी-18 के सेट से तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि प्री-प्रोडक्शन और मॉक सेशन पूरे हो चुके हैं तथा अब वास्तविक शूटिंग शुरू हो रही है।

अमिताभ ने नए प्रोमो का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार प्रतियोगियों को “जरा सोचना पड़ेगा”, जिससे संकेत मिलता है कि नए सीजन में पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण सवाल देखने को मिलेंगे।

जानकारी के अनुसार अमिताभ बच्चन 1 अगस्त से नियमित शूटिंग शुरू करेंगे, जबकि 10 अगस्त से शो का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा। हर बार की तरह इस बार भी प्रतिभागियों को ज्ञान, संघर्ष और प्रेरणादायक कहानियों के साथ करोड़ों रुपये जीतने का अवसर मिलेगा।

दो दशक से अधिक समय से प्रसारित हो रहा ‘कौन बनेगा करोड़पति’ देश के सबसे लोकप्रिय क्विज़ शो में शामिल है और अमिताभ बच्चन की दमदार मेजबानी इसकी सबसे बड़ी पहचान मानी जाती है।

Author

Related Articles

Back to top button