बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीधी-सिंगरौली सड़क निर्माण को मिलेगी रफ्तार, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात

बरगवां-कटनी मार्ग की डीपीआर और सिंगरौली-प्रयागराज हाईवे समेत कई परियोजनाओं पर हुई चर्चा

सिंगरौली। क्षेत्र की लंबित सड़क परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान संसदीय क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सीधी-सिंगरौली सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग दोनों जिलों के लाखों लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है और इसके पूर्ण होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में बरगवां-कटनी मार्ग (वाया रजमिलान, सरई, मड़वास, मझौली, ब्यौहारी एवं विजयसोता) की डीपीआर जल्द तैयार कराने का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा सिंगरौली-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई। सांसद ने क्षेत्र के औद्योगिक महत्व को देखते हुए परियोजना को प्राथमिकता से पूरा कराने की मांग रखी।

डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क क्षेत्र के विकास की आधारशिला है। बेहतर सड़क सुविधा से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद इन परियोजनाओं में जल्द प्रगति देखने को मिलेगी।

Author

Related Articles

Back to top button