ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें ग्रामीण विकास योजनाओं के लक्ष्य : कलेक्टर

पीएम आवास, जल संरक्षण, पौधरोपण और स्वच्छता कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत की समीक्षा बैठक कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं विकास कार्यों की जनपदवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम आवास प्लस, पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत कर शीघ्र प्रथम किस्त जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण आवासों के हितग्राहियों को 15 अगस्त से पूर्व तृतीय किस्त उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में पौधरोपण अभियान, जल संरक्षण और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एक सप्ताह में कार्ययोजना तैयार कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाबों एवं जल स्रोतों के आसपास पौधरोपण, रूफ रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था और स्वच्छता कार्यों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए औद्योगिक इकाइयों एवं नगर निगम के साथ समन्वय कर कचरा संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले जन विश्वास अभियान के सफल संचालन, सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने को कहा।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैढ़न अजीत बरवा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चितरंगी मान सिंह सैयाम, आरईएस के मनोज बाथम सहित जिला पंचायत एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button