कर्नाटक कैबिनेट विस्तार: डीके शिवकुमार सरकार में 12 नए चेहरे शामिल, गायत्री शांतेगौड़ा बनीं एकमात्र महिला मंत्री

बेंगलुरु। कर्नाटक में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कैबिनेट विस्तार को कांग्रेस आलाकमान ने मंजूरी दे दी है। नए मंत्रिमंडल में 20 मंत्रियों को शामिल करने की अनुमति दी गई है, जिसमें 12 नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि 8 मौजूदा मंत्रियों को बरकरार रखा गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद जारी सूची में गायत्री शांतेगौड़ा को एकमात्र महिला मंत्री के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा पीएम नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगदागी, रुद्रप्पा लमानी, केएस बसवंतप्पा, बी नागेंद्र, टी रघुमूर्ति, जमीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, पुत्तरंगशेट्टी, मनकला वैद्य, अजय सिंह, एन चालुवरया स्वामी, केएम शिवालिंगे गौड़ा, एचसी बालकृष्ण, बसवराज रायरेड्डी, विजयानंद कशप्पनवर और लक्ष्मण सावदी को मंत्रिमंडल में शामिल करने की मंजूरी दी गई है।
नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम 4:05 बजे बेंगलुरु स्थित लोक भवन में आयोजित किया जाएगा। नई सूची में कई ऐसे नेताओं को भी स्थान मिला है, जो पहली बार मंत्रिपरिषद का हिस्सा बनेंगे। इनमें पीएम नरेंद्रस्वामी, केएस बसवंतप्पा, टी. रघुमूर्ति, पुत्तरंगशेट्टी, अजय सिंह और गायत्री शांतेगौड़ा प्रमुख हैं।
इसके साथ ही कर्नाटक विधानमंडल में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों को भी मंजूरी दी गई है। जीएस पाटिल को विधानसभा अध्यक्ष, एएस पोन्नान्ना को विधानसभा उपाध्यक्ष, सलीम अहमद को विधान परिषद सभापति और उमाश्री को विधान परिषद उपसभापति पद के लिए मंजूरी मिली है।
कैबिनेट विस्तार को लेकर कांग्रेस के भीतर लंबे समय से मंथन चल रहा था। पार्टी आलाकमान की मंजूरी के बाद अब नए मंत्रियों के शामिल होने से सरकार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।













