साढ़े तीन महीने बाद लौटा पालतू कुत्ता, मालिक ने पूरी की मन्नत तो 60 किमी की पदयात्रा

अहमदाबाद। गुजरात के बनासकांठा जिले से इंसान और बेजुबान के बीच गहरे प्रेम की अनोखी कहानी सामने आई है। यहां साढ़े तीन महीने पहले लापता हुआ पालतू लैब्राडोर कुत्ता ‘टाइगर’ अचानक अपने मालिक के पास लौट आया। कुत्ते की सुरक्षित वापसी से भावुक हुए होटल मालिक ने मां अंबाजी से मांगी गई मन्नत पूरी करते हुए टाइगर और होटल स्टाफ के साथ 60 किलोमीटर लंबी पदयात्रा की।
जानकारी के अनुसार पालनपुर-सिद्धपुर हाईवे स्थित एक होटल से टाइगर अचानक गायब हो गया था। होटल मालिक और कर्मचारियों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। महंगी नस्ल का कुत्ता होने के कारण आशंका जताई गई कि कोई उसे अपने साथ ले गया होगा।
काफी समय तक तलाश के बाद जब उम्मीदें कमजोर पड़ने लगीं तो होटल मालिक ने अरासुरी अंबाजी मंदिर में प्रार्थना कर मन्नत मांगी कि यदि टाइगर सकुशल वापस लौट आया तो वह पैदल चलकर माता के दरबार में दर्शन करने जाएंगे।
करीब साढ़े तीन महीने बाद टाइगर अचानक होटल के आसपास दिखाई दिया। बताया गया कि वह एक ऑटो रिक्शा में था और उसने अपने मालिक की आवाज पहचान ली। आवाज सुनते ही वह रिक्शे से उतरकर दौड़ते हुए अपने मालिक के पास पहुंच गया। लंबे समय बाद हुए इस भावुक मिलन को देखकर होटल कर्मचारी भी भावुक हो गए।
मन्नत पूरी होने पर होटल मालिक ने अपने वादे के अनुसार अंबाजी धाम तक पदयात्रा शुरू की। इस यात्रा में होटल का पूरा स्टाफ शामिल हुआ। ढोल-नगाड़ों और गरबा की धुनों के बीच निकली इस यात्रा में टाइगर आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इस अनोखी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे इंसान और पशु के बीच विश्वास, प्रेम और लगाव की मिसाल बता रहे हैं।













