देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

उपचुनाव नतीजे: बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त, दतिया में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर

 

नई दिल्ली। बिहार, मध्यप्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में मुकाबला रोचक बना हुआ है। बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मजबूत बढ़त बना ली है, जबकि मध्यप्रदेश की दतिया सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर 10 राउंड की मतगणना के बाद प्रशांत किशोर 6011 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 20,059 मत मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 14,048 वोट मिले हैं। वहीं राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी 3,983 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह मामूली बढ़त बनाए हुए हैं। पांच राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस को 21,047 और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 20,739 वोट मिले हैं। दोनों उम्मीदवारों के बीच केवल 308 मतों का अंतर है। आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव को 8,877 वोट मिले हैं।

वहीं गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सतीश पटेल ने बड़ी बढ़त बना ली है। नौवें राउंड के बाद सतीश पटेल कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी से 13,591 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़त के बाद जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

तीनों सीटों पर उपचुनाव के परिणाम राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। खासतौर पर बिहार की बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर की बढ़त ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं। वहीं दतिया में भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी कड़ा मुकाबला अंतिम परिणाम तक रोमांच बनाए हुए है।

Author

Related Articles

Back to top button