भारत विकास परिषद इकाई सिंगरौली के द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का मल्हार पार्क में किया गया आयोजन

सिंगरौली- भारत विकास परिषद इकाई सिंगरौली द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय रविवार को आयोजित किए जाने वाले नियमित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की कड़ी में रविवार को मल्हार पार्क में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। सुबह 7:30 बजे से 9:30 बजे तक चले इस शिविर का शुभारंभ भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों की उपस्थिति में वंदे मातरम् गीत के गायन के साथ किया गया प्रारंभ। विशेष संयोग यह रहा कि रविवार को मित्रता दिवस भी था। इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने एक-दूसरे को मित्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द और सामाजिक सेवा के संकल्प को दोहराया।
स्वास्थ्य शिविर में मिश्रा नर्सिंग होम की महत्वपूर्ण भूमिका रही जिनके मार्गदर्शन एवं स्टाप के देखरेख में शिविर में डेंटल स्पेशलिस्ट डॉ. शिवानी यादव ने उपस्थित लोगों के दांतों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया तथा दांतों की देखभाल और आवश्यक परहेज संबंधी जानकारी दी। वहीं अन्य चिकित्सकों ने भी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सलाह प्रदान की।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इस नियमित जनसेवा अभियान की सराहना की। उपस्थित नागरिकों ने मिश्रा नर्सिंग होम के संचालक डॉ. डी.के. मिश्रा सहित स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित डॉ. शिवानी यादव एवं भारत विकास परिषद की पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं और लोगों को समय पर स्वास्थ्य संबंधी सलाह व जांच का लाभ मिल रहा है।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था प्रत्येक माह के पहले और तीसरे रविवार को इसी प्रकार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।













