गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, 8 भरे सिलेंडर और कार जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। बरगवां थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 8 भरे गैस सिलेंडर और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पचौर स्थित एफडी इंडेन गैस गोदाम में 29 जुलाई की रात चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात चोर बाउंड्रीवाल कूदकर गोदाम में घुसे और 10 भरे गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए थे। यह गैस एजेंसी पूर्व सांसद गोविंद मिश्रा की बताई जा रही है। शिकायत मिलने पर बरगवां थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक पनिका, मोहित गुप्ता एवं एक 17 वर्षीय बालक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 गैस सिलेंडर, जिनकी कीमत करीब 28 हजार रुपए बताई गई है, बरामद किए। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई अल्टो कार क्रमांक यूपी 64 एल 8805 को भी जब्त किया गया है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है तथा चोरी गए अन्य सिलेंडरों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।









