राम मंदिर मुद्दे पर सपा सांसदों का संसद परिसर में प्रदर्शन, जांच और चर्चा की मांग

नई दिल्ली। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और भूमि सौदों में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद परिसर में विपक्षी दलों के साथ प्रदर्शन किया। सांसदों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संसद में इस विषय पर विस्तृत चर्चा की मांग उठाई।
सपा सांसद डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण से जुड़े दान, चढ़ावे और जमीन खरीद के मामलों की जांच के लिए दो वर्ष पहले समिति गठित की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि कुछ भूमि सौदों में करोड़ों रुपये का मूल्य अंतर सामने आया है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सपा नेताओं का कहना है कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। सांसदों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा से बच रही है।
प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद राजीव राय ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव के नतीजे जनता के बदलते रुख का संकेत हैं। विपक्ष ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और संसद में चर्चा कराने की मांग दोहराई।













