देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

गोदान एक्सप्रेस में गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ी, जबलपुर स्टेशन पर मिला त्वरित उपचार

जबलपुर। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ जा रही गोदान एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने पर रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जबलपुर स्टेशन पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रानी दुर्गावती अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रेलवे को रेल मदद 139 के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 11055 गोदान एक्सप्रेस के एस-7 कोच में यात्रा कर रही नौ माह की गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना मिलते ही उप स्टेशन प्रबंधक आशीष चड्ढा ने रेलवे चिकित्सालय से संपर्क कर मेडिकल टीम को स्टेशन पर तैनात किया।

ट्रेन के जबलपुर पहुंचते ही डॉ. राम्या और उनकी टीम ने महिला का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर 26 वर्षीय रागिनी को सुरक्षित रानी दुर्गावती अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।

महिला अपने पति और एक छोटे बच्चे के साथ मुंबई से मऊ जंक्शन की यात्रा कर रही थीं। परिजनों ने समय पर मिली सहायता के लिए रेलवे प्रशासन, चिकित्सकीय टीम और रेल मदद 139 की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Author

Related Articles

Back to top button