नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पोक्सो और एससी/एसटी एक्ट में भेजा गया जेल
सिंगरौली। थाना जियावन पुलिस ने नाबालिग अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल पचौर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को एक व्यक्ति ने थाना जियावन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के आधार पर नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया।
विवेचना के दौरान सामने आया कि ग्राम खड़ौरा निवासी सूर्यांश उर्फ सूरज चतुर्वेदी (22) नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरई निरीक्षक प्रहलाद मर्सकोले, थाना जियावन के उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे, लक्ष्मीनारायण द्विवेदी, आरक्षक प्रभात दुबे, महिला आरक्षक जया दुबे सहित थाना जियावन की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।









