जिला स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
162 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता एवं उपविजेता टीमों को पर्यटन बोर्ड ने दिए टूर पैकेज वाउचर

सिंगरौली। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के तत्वावधान में जिले में जिला स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के समृद्ध इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, कला, पर्यटन स्थलों एवं प्रदेश की विविधताओं से परिचित कराते हुए पर्यटन के प्रति जागरूक करना रहा।जिला प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच जिले के पंजीकृत हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों की 162 टीमों ने प्रतियोगिता में सहभागिता की। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसके आधार पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली शीर्ष 6 टीमों का चयन किया गया। चयनित टीमों के मध्य अपराह्न में रोचक एवं ज्ञानवर्धक मल्टीमीडिया राउंड आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यटन, इतिहास, संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।
कड़े एवं रोमांचक मुकाबले के उपरांत आयुष सोनी, दीप्ति पांडे एवं दिव्यानी पांडे की टीम तथा अंकिता कुशवाहा, सृष्टि द्विवेदी एवं अनन्या चतुर्वेदी की टीम ने सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से विजेता का खिताब प्राप्त किया। वहीं उजाला गिरी, अर्चना वैश्य एवं देवरूप सिंह, आराध्या शाह, निहाल सिंह भाटिया एवं सिद्धार्थ कुशवाहा तथा अयान राठौर, चैतन्य स्वरूप एवं अर्थ मेवारा की टीमों ने उपविजेता (रनर-अप) के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सिंगरौली विधायक श्री राम निवास शाह, देवसर विधायक श्री राजेंद्र मेश्राम एवं नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं विजेता टीम को 2 रात्रि/3 दिवस तथा उपविजेता टीमों को 1 रात्रि/2 दिवस का संपूर्ण सुविधायुक्त पर्यटन भ्रमण पैकेज का गिफ्ट वाउचर प्रदान किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रत्यक्ष रूप से देखने, समझने और मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में ज्ञान, प्रतिस्पर्धात्मक भावना तथा मध्यप्रदेश की पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।













