बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

दीपावली की रात परसोना की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

 

सिंगरौली। दीपावली की खुशियों के बीच कोतवाली थाना क्षेत्र के परसोना में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग लगने से दुकानदार को भारी नुकसान हुआ। दीपावली की रात करीब 11:30 बजे सत्यम शिवम इलेक्ट्रिकल दुकान से अचानक धुएं का गुबार उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

दुकान से आग और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान के अंदर रखा कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो चुका था। राहत की बात यह रही कि कुछ उपकरणों को बचा लिया गया।

शॉर्ट सर्किट या पटाखे से आग लगने की आशंका
आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट अथवा आतिशबाजी के दौरान कोई जलता हुआ पटाखा दुकान में गिरने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दीपावली के त्योहार के बीच हुई इस घटना से दुकानदार और आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button