शिव मंदिर में तोड़फोड़, घंटा चोरी

सिंगरौली। देवसर के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जियावन डाड़ में छत पर बने शिव मंदिर में तोड़फोड़ और चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में स्थापित शिवलिंग की जलहरी क्षतिग्रस्त कर दी और पीतल का भारी घंटा चोरी कर लिया। घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
ग्राम निवासी संतोष साहू पिता रामनिहोर साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 नवंबर की रात मंदिर का गेट बंद कर वे घर चले गए थे। 6 नवंबर की सुबह पूजा करने पहुंचे तो जलहरी क्षतिग्रस्त मिली और मंदिर का घंटा गायब था। आसपास तलाश करने के बाद उन्होंने जियावन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
घटना के मीडिया कवरेज के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। शिव शंकर साहू, महेंद्र साहू, राजू साहू, विनोद साहू और मोहम्मद शरीफ सहित अन्य लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की। ग्रामीणों ने मंदिर में हुई तोड़फोड़ और चोरी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान तथा चोरी गए घंटे की बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील की है।













