वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति और दीपों की आभा से आलोकित हुआ भाजपा जिला कार्यालय
माँ लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश का विधि-विधान से हुआ पूजन

सिंगरौली। प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सिंगरौली में श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव का अनुपम वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक विधि-विधान एवं आध्यात्मिक उल्लास के बीच माँ लक्ष्मी एवं विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। पूरा वातावरण भक्तिमय रहा और दीपावली के मंगलमय पर्व की छटा ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस पावन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने सपरिवार विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर जिले एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की। उन्होंने माँ लक्ष्मी से सभी के जीवन में धन-धान्य, वैभव एवं समृद्धि की निरंतरता तथा भगवान श्री गणेश से प्रत्येक कार्य में निर्विघ्न सफलता, मंगल एवं कल्याण का आशीर्वाद प्रदान करने की प्रार्थना की।
सायंकालीन बेला में दीपोत्सव की उल्लासपूर्ण छटा के बीच जिलाध्यक्ष एवं समस्त कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह की विशेष उपस्थिति में जिला कार्यालय परिसर में दीप प्रज्वलित किए। दीपों की जगमगाहट के साथ पूरे परिसर में उत्सव और उल्लास का वातावरण साकार हो उठा। इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने परस्पर आत्मीयता के साथ एक-दूसरे को दीपावली के पावन पर्व की शुभकामनाएँ दीं।
अपने शुभकामना संदेश में जिलाध्यक्ष ने कहा कि दीपावली का पावन पर्व केवल दीप प्रज्वलन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देने वाला पर्व है। उन्होंने कामना की कि दीपोत्सव की पावन ज्योति प्रत्येक घर-आँगन को आलोकित करे तथा हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशियों का अविरल संचार हो।
इस अवसर पर देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद चौबे, मंडल प्रभारी अशोक शाह, किरण सोनी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रिचा सिंह, वर्षा शर्मा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि चौरसिया, सरोज सिंह, जिला कार्यालय मंत्री विजय वैश एवं राजकुमार विश्वकर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













