दीपावली-छठ पर महाराष्ट्र से बिहार-यूपी के लिए 3 स्पेशल ट्रेनें

भोपाल। दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने महाराष्ट्र से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए 3 विशेष ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर ठहराव से मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
एलटीटी-दानापुर अनारक्षित स्पेशल
लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से यह ट्रेन 10 नवंबर को रात 11:55 बजे रवाना होकर 11 नवंबर को दोपहर 2:04 बजे इटारसी पहुंचेगी। दानापुर में 12 नवंबर को सुबह 10:30 बजे आगमन होगा। वापसी में ट्रेन 12 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे दानापुर से चलकर 13 नवंबर को सुबह 10:01 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसमें 18 सामान्य और 2 एसएलआरडी सहित कुल 20 कोच होंगे।
एलटीटी-गोरखपुर स्पेशल
यह ट्रेन 10 नवंबर को दोपहर 2:50 बजे एलटीटी से रवाना होगी। 11 नवंबर को सुबह 3:56 बजे इटारसी, 6:01 बजे भोपाल और 8:26 बजे बीना पहुंचेगी। गोरखपुर में रात 11:50 बजे आगमन होगा। वापसी में 12 नवंबर को सुबह 5:30 बजे गोरखपुर से चलकर ट्रेन 13 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे एलटीटी पहुंचेगी। इसमें 20 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे।
पुणे-दानापुर वन-वे स्पेशल
पुणे से यह ट्रेन 10 नवंबर को रात 8:20 बजे रवाना होकर 11 नवंबर को सुबह 11:45 बजे इटारसी पहुंचेगी। दानापुर में 12 नवंबर को सुबह 5:50 बजे आगमन होगा। ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कुल 22 एलएचबी कोच होंगे।
रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले समय-सारणी और ठहराव की पुष्टि करने की सलाह दी है। जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 और एनटीईएस ऐप का उपयोग किया जा सकता है।













