उपनिषदों पर शोध के लिए डॉ. विनीत तिवारी को भारत सरकार ने सौंपी जिम्मेदारी, 13 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत
कोरसर कोठार के डॉ. विनीत कुमार तिवारी ने बढ़ाया सिंगरौली का मान, भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित शोध परियोजना के बने मुख्य अन्वेषक

सिंगरौली। जिले की चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार निवासी डॉ. विनीत कुमार तिवारी ने अपनी शैक्षणिक और शोध उपलब्धि से सिंगरौली का गौरव बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत डॉ. तिवारी को शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ (आईकेएस) की ओर से उपनिषदों पर आधारित महत्वपूर्ण शोध परियोजना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस परियोजना के लिए भारत सरकार ने 13 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी स्वीकृत की है।शोध परियोजना का शीर्षक ‘उपनिषदों की संवाद परंपरा पर आधारित आईकेएस शैक्षणिक पॉडकास्ट श्रृंखला का विकास’ है। इसमें डॉ. विनीत कुमार तिवारी मुख्य अन्वेषक (प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर) के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं।
चार प्रमुख उपनिषदों की संवाद परंपरा पर होगा शोध
इस परियोजना के तहत केनोपनिषद, कठोपनिषद, बृहदारण्यक उपनिषद और ईशावास्य उपनिषद की संवाद परंपरा पर आधारित शैक्षणिक पॉडकास्ट श्रृंखला विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य भारतीय दर्शन, उपनिषदों के गहन ज्ञान और उनमें निहित जीवन मूल्यों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।शोध के माध्यम से प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को समकालीन संदर्भों में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी उपनिषदों के विचारों और उनकी संवाद शैली को समझ सके।
राष्ट्रीय स्तर पर सिंगरौली को मिली पहचान
कोरसर कोठार जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की शोध परियोजना का नेतृत्व करना डॉ. विनीत कुमार तिवारी की शैक्षणिक प्रतिभा, परिश्रम और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने इसे सिंगरौली जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है।













