देवारा गौशाला में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा पर्व, राज्य मंत्री राधा सिंह ने किया गो-माता का पूजन

सिंगरौली। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 स्थित देवारा गौ सेवा संस्थान गोशाला परिसर में सोमवार को गोवर्धन पूजा पर्व श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विधायक राम निवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम और अन्य अतिथियों के साथ विधि-विधान से गो-माता का पूजन कर गो-सेवा एवं संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजन और गो-माता का पारंपरिक श्रृंगार किया गया। राज्य मंत्री राधा सिंह सहित अतिथियों ने गो-माता को तिलक लगाकर गुड़ और हरा चारा खिलाया तथा आरती कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और गो-सेवा की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने गो-सेवा के कार्यों में समाज की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।
सिंगरौली विधायक राम निवास शाह ने गो-सेवा को पुण्य कार्य के साथ सामाजिक दायित्व बताते हुए सभी से गोवंश संरक्षण में सहभागिता निभाने की अपील की। वहीं देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने गोशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ गोवंश के लिए पर्याप्त चारा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
गोशाला की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
पूजन के बाद अतिथियों ने गोशाला परिसर का भ्रमण कर गोवंश के रखरखाव, चारा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोशाला प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए गो-सेवा और संरक्षण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल साह, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, पार्षद रामनरेश शाह, सीमा जायसवाल, संतोष शाह, आशीष बैस, सांसद प्रतिनिधि राजकुमार दुबे, एसडीएम सुरेश जाधव, नगर निगम डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, जनपद पंचायत सीईओ अजीत बरवा, समाजसेवी विनोद चौबे, संजय दुबे और सीताराम बर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।













