शिवगढ़ प्रीमियर लीग सीजन-11 में खिलाड़ियों का जोश, 15 नवंबर को होगा फाइनल मुकाबला
बरवाडोल खेल मैदान में चौथे दिन डीके-11 सरई और उज्जैनी के बीच रोमांचक मुकाबला, सरई टीम ने दर्ज की जीत

सिंगरौली- नगर परिषद सरई के वार्ड क्रमांक 11 शिवगढ़ स्थित बरवाडोल खेल मैदान में आयोजित शिवगढ़ प्रीमियर लीग सीजन-11 क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 6 नवंबर 2026 को हुआ था और लगातार रोमांचक मुकाबलों के साथ टूर्नामेंट आगे बढ़ रहा है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 15 नवंबर को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के चौथे दिन सोमवार को डीके-11 सरई और उज्जैनी की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबले में सरई की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल और उत्साह ने मैदान पर मौजूद खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस क्रिकेट टूर्नामेंट के संरक्षक पार्षद प्रतिनिधि महिपाल सिंह हैं। उन्होंने बताया कि शिवगढ़ में पिछले 10 वर्षों से लगातार बरवाडोल खेल मैदान पर प्रतिवर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के नवयुवकों और बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ ही उनकी प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है।
महिपाल सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का एक सशक्त जरिया भी हैं। खेलों से लोगों के भीतर आपसी भाईचारा, समरसता, अनुशासन और सहनशीलता की भावना विकसित होती है। साथ ही प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों में आत्मविश्वास पैदा करती हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर देती हैं।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं और बच्चों के भीतर छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए इस तरह के आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाते रहेंगे। स्थानीय स्तर पर मिलने वाला प्रोत्साहन खिलाड़ियों को बड़े मंचों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करता है।शिवगढ़ प्रीमियर लीग सीजन-11 के मुकाबलों को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रतिदिन आयोजित हो रहे मुकाबलों में स्थानीय लोग पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।अब सभी की निगाहें 15 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच खिताबी जंग देखने को मिलेगी।













