Blogबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गजरा बहरा का मुख्य मार्ग जलमग्न, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन ठप

थोड़ी सी बारिश में बंद हो जाती है सड़क, शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था; ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

 

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गजरा बहरा में बारिश ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। थोड़ी सी बारिश होते ही बाजार का मुख्य मार्ग जलभराव और कीचड़ से पट जाता है, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। हालत यह है कि कई गांवों को जोड़ने वाला यह प्रमुख रास्ता बारिश के दिनों में लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, गजरा बहरा का यह मार्ग क्षेत्र का मुख्य आवागमन रास्ता है। इसी सड़क के किनारे पंचायत भवन और हाई स्कूल स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण आते-जाते हैं। बारिश के बाद सड़क पर पानी भरने और कीचड़ जमा होने से स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गड्ढों और कीचड़ से हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण बारिश के समय स्थिति और खराब हो जाती है। जलभराव के कारण सड़क दिखाई नहीं देती, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों के साथ हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और जनपद पंचायत के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। हर बारिश में ग्रामीणों और विद्यार्थियों को इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में सड़क का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि बारिश के मौसम में आवागमन बाधित न हो।

Author

Related Articles

Back to top button