देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, घरों से बाहर निकले लोग; टिहरी में भी लगे झटके

 

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। उत्तरकाशी जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया, जिसके बाद कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। वहीं, टिहरी गढ़वाल में भी हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि दोनों जिलों में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में भूकंप रात करीब 1:21 बजे आया। इसकी तीव्रता 4.2 मापी गई और भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। इसका केंद्र उत्तरकाशी जिले में बड़कोट तहसील मुख्यालय के पास राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।

यमुना और गंगा घाटी में महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके यमुना और गंगा घाटी समेत उत्तरकाशी जिले के कई हिस्सों में महसूस किए गए। धरती हिलने का एहसास होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने अपने रिश्तेदारों और आसपास रहने वाले लोगों को फोन कर स्थिति की जानकारी ली। देर रात आए झटकों के कारण कुछ समय तक लोगों में डर का माहौल बना रहा।

टिहरी में 2.0 तीव्रता का भूकंप

टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रों में भी सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 रही और इसका केंद्र करीब 5 किलोमीटर की गहराई में था। कम तीव्रता के कारण इसका असर सीमित रहा।

प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

भूकंप के बाद दोनों जिलों में प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। अब तक कहीं से भी भवनों को नुकसान पहुंचने या किसी व्यक्ति के घायल अथवा हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और संबंधित विभाग हालात की निगरानी कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button