बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के भोपाल स्थित सरकारी बंगले में दिनदहाड़े चोरी, ताले तोड़कर नल-टोंटियां ले गए चोर

 

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के वीवीआईपी इलाके चार इमली में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने पूर्व मंत्री और पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोरी कर दी। खास बात यह है कि जिस बंगले को चोरों ने निशाना बनाया, वह स्पेशल डीजी के सरकारी आवास के ठीक सामने स्थित है। घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूने बंगले में घुसे बदमाश

अजय विश्नोई को चार इमली में डी-11/03 सरकारी आवास आवंटित है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बदमाश बंगले में घुसे। उन्होंने सबसे पहले दरवाजों के ताले तोड़े। जिन दरवाजों के ताले नहीं खुल सके, उनके कुंडे ही उखाड़ दिए गए।

चोर बंगले के अंदर से पानी के नल और टोंटियां समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना की जानकारी वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को भी नहीं हो सकी।

भोपाल पहुंचने पर विधायक को मिली जानकारी

विधायक अजय विश्नोई आमतौर पर महीने में तीन-चार दिन ही भोपाल में रहते हैं। बाकी समय सरकारी आवास खाली रहता है। रविवार को जब वे बंगले पर पहुंचे तो उन्हें ताले टूटे मिले। अंदर जाकर जांच करने पर चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने विधानसभा को घटना की जानकारी दी।

मामले में हबीबगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरों की पहचान और तलाश में जुटी है।

स्पेशल डीजी के बंगले के सामने वारदात

चार इमली राजधानी का प्रमुख वीवीआईपी क्षेत्र माना जाता है। यहां कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास हैं। ऐसे इलाके में, वह भी दिन के समय चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश कितनी देर तक बंगले के अंदर रहे और उन्होंने वारदात को किस तरह अंजाम दिया।

Author

Related Articles

Back to top button