देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अरुणाचल में बाढ़ और लैंडस्लाइड का कहर, 4 की मौत; सेना के 5 जवान लापता

 

 

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। दिबांग वैली जिले में बाढ़ के कारण सेना के दो शेल्टर बह गए, जिसमें पांच जवान लापता हैं। वहीं अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर हुए बड़े लैंडस्लाइड में चार लोगों की मौत हो गई।

 

अधिकारियों के मुताबिक दोनों घटनाएं शुक्रवार शाम हुईं। अपर सुबनसिरी में मलबे के नीचे कई लोगों के दबने की सूचना के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। मृतकों की पहचान टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली के रूप में हुई है। बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है।

 

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बचाव अभियान में नाचो पुलिस स्टेशन के जवानों को लगाया गया है। डपोरिजो से फायर एवं इमरजेंसी सर्विस की टीम तथा स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीम भी अभियान में शामिल हो रही है।

 

बाढ़ में 7 जवान बहे, 2 बचाए गए

 

दिबांग वैली के पाशु पानी आर्मी कैंप में शुक्रवार शाम अचानक आई बाढ़ से 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए। अधिकारियों के अनुसार बाढ़ के तेज बहाव में सात जवान बह गए थे, जिनमें से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान अभी लापता हैं।

 

लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र तथा जवान कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा के रूप में हुई है। उनकी तलाश के लिए 5वीं ग्रेनेडियर की दो खोज एवं बचाव टीमें तैनात हैं।

 

बचाव अभियान में आईटीबीपी की 58वीं बटालियन, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स की 62 आरसीसी, अरुणाचल प्रदेश पुलिस, स्थानीय स्वयंसेवक और पासीघाट से पहुंची एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लापता जवानों की तलाश जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button