ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्वतंत्रता दिवस पर सिंगरौली जिले में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

 

सिंगरौली, देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस सिंगरौली जिले में हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिले में आन-बान-शान से तिरंगा लहराया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। राष्ट्रगीत की ओजपूर्ण प्रस्तुति से पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। इसके पश्चात समारोह की मुख्य अतिथि पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने देखा एवं सुना। वहीं मुख्य अतिथि ने संदेश का वाचन किया गया। समारोह के दौरान जिले की विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया, जिसमें जिले में संचालित विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी संकलित की गई है। समारोह में सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। विशेष सशस्त्र बल एवं जिला पुलिस बल के जवानों ने बैंड की मधुर धुन के साथ आकर्षक एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता दिवस की खुशी के प्रतीक स्वरूप तीन रंगों के मनोहारी गुब्बारों को खुले आकाश में छोड़ा।

 

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र के प्रहरियों का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों एवं नृत्यों तथा शासन की विकास योजनाओं को प्रदर्शित करने वाली मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। मुख्य समारोह में सूबेदार श्री आशीष तिवारी एवं परेड उप कमांडर श्री पुष्पेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में जवानों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री मनीष कुमार, विशेष सशस्त्र बल का नेतृत्व श्री कमल चंद बारसिया, जिला पुलिस बल का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री संदीप नामदेव तथा होमगार्ड की टुकड़ी का नेतृत्व प्लाटून कमांडर श्री योगेन्द्र बहादुर सिंह ने किया। जूनियर वर्ग की परेड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, शासकीय एन.एस.एस. महाविद्यालय बैढ़न, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, डीएव्ही पब्लिक स्कूल बैढ़न, इंडियन चिल्ड्रन स्कूल, सन साईन स्कूल, आदर्श जूनियर्स स्कूल, शौर्य दल एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की टुकड़ियों ने भाग लिया। सीनियर वर्ग की परेड में प्रथम स्थान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल तथा तृतीय स्थान विशेष सशस्त्र बल ने प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न के स्काउट दल, द्वितीय स्थान एन.एस.एस. महाविद्यालय बैढ़न तथा तृतीय स्थान एनसीसी जूनियर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न ने प्राप्त किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह और उल्लास का वातावरण बनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सिंगरौली, द्वितीय स्थान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न तथा तृतीय स्थान संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल बैढ़न ने प्राप्त किया।जिला स्तरीय मुख्य समारोह के साथ-साथ जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों तथा शासकीय कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैलियां निकाली गईं। लोगों ने उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं। समारोह में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री राम निवास शाह, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती ममता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुन्दर लाल शाह, पूर्व विधायक श्री राम लल्लू बैस, पूर्व विधायक श्री सुभाष बर्मा, प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष श्री दिलीप शाह, अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, डीपीसी श्री आर.एल. शुक्ला सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण, व्यापारीगण, पत्रकार साथियों, आमजन तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की गरिमामय उपस्थिति रही।

Author

Related Articles

Back to top button