मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम कार्यालय में महापौर ने किया ध्वजारोहण

समन्वित और सकारात्मक प्रयासों से नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्पः महापौर 

स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम कार्यालय में महा

सिंगरौली, / स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम कार्यालय परिसर में नगर निगम महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया गया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारत माता के जयकारों के साथ तिरंगे को सलामी दी।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने माँ भारती के चरणों में नमन करते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हम स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति देश के नागरिकों में निहित है। इसी प्रकार नगर निगम की शक्ति भी नगर की जनता से है। जनता है तो नगर निगम है और हम सभी नागरिकों की सेवा के लिए हैं। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र के विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मिलकर समन्वित एवं सकारात्मक प्रयास करेंगे।

नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देती है। नगर के विकास में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर स्वच्छ, सुंदर, विकसित और सुविधायुक्त सिंगरौली के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने नगरवासियों एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हमारा देश एक परिवार की तरह है और जिस संस्था में हम कार्य करते हैं, उसके प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करना हमारा दायित्व है। हमें राष्ट्र, परिवार और संस्था की अखंडता एवं एकजुटता बनाए रखने की दिशा में कार्य करना चाहिए। साथ ही हमें अपने अधिकारों के साथ दूसरों के अधिकारों का भी सम्मान करना चाहिए। यही संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सच्चा सम्मान है। इस अवसर पर मेयर-इन-काउंसिल की सदस्य श्रीमती श्यामला देवी, पार्षद श्री रामनरेश शाह, आशीष बैस, श्री अखिलेश सिंह, कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त श्री आर.पी. बैस, सहायक आयुक्त श्रीमती ज्योति सिंह, श्री एच.एम. श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी चतुर्वेदी,सहायक यंत्री श्री प्रवीण गोस्वामी, उपयंत्री श्री विपिन तिवारी, सहायक विधि अधिकारी श्री अक्षत उपाध्याय सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button