अमरावती के अस्पताल में NICU में लगी भीषण आग, 3 नवजातों की मौत; 6 बच्चों को किया गया शिफ्ट

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल की नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई। हादसे के समय यूनिट में 39 नवजातों का इलाज चल रहा था। छह बच्चों को बेहतर उपचार के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अस्पताल की तीसरी मंजिल पर वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग भड़की और देखते ही देखते यूनिट में धुआं भर गया। आग लगते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
दो दिन पहले छिंदवाड़ा में भी हुआ था हादसा
इससे दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में आग लगने से तीन नवजात झुलस गए थे। फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया गया था। गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को जबलपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अस्पतालों के NICU में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













