खटखरी में बोलेरो का कहर, एक ही परिवार के 6 लोग घायल; ग्रामीणों ने वाहन पलटाया
नाबालिग को गाड़ी चलाना सिखाने के दौरान हादसे का आरोप, दो घायलों की हालत गंभीर; पुलिस को शिकायत का इंतजार

सिंगरौली । बैढ़न थाना क्षेत्र के खटखरी गांव में मंगलवार सुबह बोलेरो की टक्कर से एक ही परिवार के 6 सदस्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि नाबालिग चालक वाहन चलाना सीख रहा था, तभी संकरी सड़क पर बोलेरो अनियंत्रित हो गई और राह से गुजर रहे लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बोलेरो को सड़क से नीचे पलटा दिया।
संकरी सड़क पर अनियंत्रित हुई बोलेरो
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। आरोप है कि गांव के रामजन्म शाह अपने नाबालिग बच्चों को बोलेरो चलाना सिखा रहे थे। इसी दौरान वाहन चला रहे नाबालिग ने संकरी सड़क पर नियंत्रण खो दिया और वहां से गुजर रहे 6 लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद नाबालिग चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति मौके से चले गए।
दो घायलों की हालत गंभीर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बैढ़न के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान अनिल शाह, परमानंद शाह, सुनीत शाह, अंजलि शाह, कृष्णा शाह और समयलाल शाह के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शी कमलेश शाह के अनुसार, सुनीत शाह और अंजलि शाह की हालत गंभीर है। दोनों को सांस लेने में परेशानी हो रही है।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
खुटर चौकी प्रभारी अमन बारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है। परिजन घायलों को अस्पताल ले गए हैं। उन्हें लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए चौकी आने को कहा गया है। फिलहाल पुलिस को शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













