बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नशे की रकम नहीं मिली तो बेटे ने पिता को चाकू से गोदा, हालत गंभीर

निगाही एनसीएल कॉलोनी में सोमवार शाम वारदात, घायल डंपर ऑपरेटर वाराणसी रेफर; 23 वर्षीय आरोपी पुलिस हिरासत में

सिंगरौली। नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर एक युवक ने अपने ही पिता पर चाकू से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सोमवार शाम एनसीएल की निगाही परियोजना कॉलोनी की है। घायल पिता को पहले नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, एनसीएल की निगाही परियोजना में डंपर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत 56 वर्षीय बसंत राम सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने आवास क्रमांक एमक्यू-608 में थे। इसी दौरान उनका 23 वर्षीय पुत्र करण उर्फ चीका साकेत उनसे रुपये मांगने पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी है और इसके लिए पिता से पैसे मांग रहा था।

पिता द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर करण आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने चाकू निकालकर बसंत राम पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर खून फैल गया।

सुरक्षा टीम ने अस्पताल पहुंचाया

घटना की जानकारी मिलते ही एनसीएल का सुरक्षा विभाग सक्रिय हुआ। सुरक्षा टीम तत्काल आवास पर पहुंची और घायल बसंत राम को उपचार के लिए नेहरू अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

घटना के बाद नवानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करण उर्फ चीका साकेत, उम्र 23 वर्ष, को हिरासत में ले लिया। वारदात के बाद निगाही कॉलोनी में सनसनी फैल गई। नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर पिता पर हमले की घटना से कॉलोनी के लोगों में चिंता और आक्रोश है।

Author

Related Articles

Back to top button